मनुष्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मनुष्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 25 अप्रैल 2017

बात एक अनकही सी....गीता का मनोविज्ञान



गीता का मनोविज्ञान
                   मनुष्य के जीवन का तात्पर्य समझना है तो भगवतगीता से अच्छा कोई स्त्रोत्र नहीं हो सकता. बेशक दुनिया के सारे धर्मग्रन्थ चाहे वो बाइबल, कुरान, गुरुग्रंथ साहिब हो अथवा गीता, सब एक ही बात सिखाते हैं,” जीवन में क्या नहीं करना चाहिए”. अब एक बात तो तय है कि हर व्यक्ति के पास बुद्धि और विवेक है और वो ये भी जानता है कि कुछ भी अच्छा करने या बुरा करने से क्या होता है...? “ मुझे ये चाहिए...?” अगर मन में ये बात आ जाये तो फिर मन अधीर हो उठता है, और ये चाहत उसे वो करने को मजबूर कर देती है; जिसे करने को हमारे धर्मग्रन्थ मना करते हैं. “ ये चाहिए”-हमारी पूरी चेतना इसी बिंदु पर केन्द्रित हो जाती है. अब मन ने यक़ीनन उसे पाने की तड़प के रास्ते में रूकावट आने पर क्रोद्धित तो अवश्य होना ही है. और विवेक पर से बुद्धि का नियंत्रण हटना अवश्यंभावी है. फिर पाने की इस चाहत में कुछ मिला तो नहीं अपितु स्वयं अपनी हानि अवश्य कर ली. 




        ‘कुछ चाहिए या नहीं चाहिए’ वास्तव में ‘होने या न होने’ का भ्रम मात्र ही है. इस मन:स्थिति से हम रोज दो-चार होते हैं. समस्या के मूल में यही बात है और हम ये जानते भी हैं पर मन जिद्दी बच्चे की तरह अड़े रहना चाहता है. यही कारण है कि जीवन में हमें वास्तव में क्या चाहिए...? इस बात को सोचने के बदले उन बातों में उलझ जाता है जो उसे जीवन के वास्तविक आनंद से दूर कर देती हैं. यही कारण है कि मानव जीवन जीने के भ्रम में ही अपनी तमाम उम्र गुजार देता है और वो भौतिक वस्तुओं के आस्वादन को ही जीवन का वास्तविक आनंद समझ लेता है. वास्तव में कुछ भी पाने की होड़ में व्यक्ति अपने जीवन के मूल से हट जाता है और जीवन के वास्तविक मूल्यों से परे अपने जीवन के अर्थ तलाशने लगता है. इसी मृगमरीचिका में जीवन रूपी तुरंग भटकता रहता है. जीवन के मूल को समझने की जड़ में यही मतिभ्रम वाली मन:स्थिति इंसान को जीवन के आनंद का रस नहीं लेने देती. चाहत की ये समस्या रिश्तों में भी दिखाई देती है. जबकि होना ये चाहिए की बाह्य संसार याने भौतिकता के प्रति हमारा भाव तटस्थ होना चाहिए याने सांसारिक वस्तुओं के प्रति एक प्रकार की निर्लिप्तता ही हमें जीवन के वास्तविक आनंद से परिचित करवा सकती है.


                      जीवन के प्रति यदि हम तटस्थ रहेंगे तो हम जीवन में वो सब कर सकेंगे जो वास्तव में एक मनुष्य का कर्म है. “कर्म” मानव जीवन का उद्देश्य है. वो इस पृथ्वी पर इसी लिए अवतरित हुआ है. गीता के मूल में ही कर्म योग है और ये कर्म योग तभी संभव है जब हम जीवन के प्रति तटस्थ भाव से सोचें. स्वामी विवेकानंद और शंकराचार्य ने भी जिन चार योगों की बात कही है उनमें कर्म योग सबसे श्रेष्ठ योग है और इसके लिए धार्मिक या अध्यात्मिक होने की आवश्यकता नहीं है. वास्तव में गीता कर्म आधारित जीवन की सर्वश्रेष्ट नियम पुस्तिका है. और इस पुस्तिका के प्रथम अध्याय में ही कृष्ण और अर्जुन के मध्य होने वाले संवाद में मानव मन के संघर्ष रूपी महाभारत का ही विषद वर्णन है. अर्जुन के माध्यम से मानव के “करूँ या न करूँ” या “होने या न होने”  के मानसिक संघर्ष को दर्शाया गया है. गीता सही अर्थों में मानव मन को समझने का मनोविज्ञान है.  (शेष)   
वीणा सेठी.



बुधवार, 17 अप्रैल 2013

मेरी शब्द यात्रा

भय

'भय' मन का एक आवेग है. यह मानव को कमजोर करता है. भय या दर एक नकारात्मक आवेग है. ये दिल में उत्पन्न होकर मस्तिष्क तक फ़ैल जाता है और हृदय में आशंका को जन्म देता है.





आजकल एक पेय पदार्थ के उत्पाद के विज्ञापन में एक वाक्य लगभग जुबान पर चढ़ जाने वाला है, " दर के आगे जीत है ", वाक्य विन्यास कुछ गलत अवश्य है किन्तु एक सन्देश देता है. भावार्थ में यही है कि डर का सामना करने के बाद डर गायब हो जाता है और यही डर पर जीत का डंका बज जाता है.

डर भी दो तरह के होते हैं. एक वास्तविक और दूसरा काल्पनिक या आभासी, और दोनों का सम्बन्ध हमारी मानसिक अवस्था से होता है. वास्तविक डर वो होता है जिसका हमें पता होता है कि वो कहाँ पर है या उसका कहाँ पर सामना करना पड़ेगा.काल्पनिक या आभासी डर वो है जो अज्ञात है किन्तु ये भय वो है जो आशंकाजनित होता है, ये प्रायः आधारहीन होता है या फिर कभी-कभार इस का आधार हो भी सकता है.किन्तु अज्ञात के प्रति उत्पन्न भय या दर किसी होनी की आशंका से उपजा होता है और इसकी पकड़ अवचेतन मन के साथ मनुष्य की चेतना पर भी होती है. आशंका से उपजा दर हमारी विचार शैली के साथ-साथ कार्य-शैली को भी प्रभावित करता है और हमारे कार्य की परिणाम पर भी प्रभाव डालता है.

किसी कार्य के प्रारंभ में ही उसके परिणाम के विषय में हमारी नकारात्मक सोच उस कार्य की सफलता के प्रति आशंका को जन्म देती है और इससे जो भय हमारे हृदय में उत्पन्न होता है वह हमारी मानसिक चेतना को भी जकड़ लेता है और यही हमारी कार्य क्षमता को भी प्रभावित करता है जिसके कारण हमारा जो उत्साह और जोश काम करने की चाहत को लेकर होता है वह कम हो जाता है. और कार्य को आधे-अधूरे व आशंकित मानसिक स्थिति से करने पर, कार्य की असफलता का जो डर हमारे मन में उपजा होता है वह हकीकत बन कर हमरे सामने खड़ा हो जाता है.अतः नकारात्मक विचार  व भाव हमेशा काल्पनिक डर का मूल हुआ करते हैं.सो आवश्यकता है एक सकारात्मक सोच या विचार शैली की जो हमारी सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है और हमारे मन में उपजे डर पर विजय दिलवाता है.

बहुत अधिक भावुकता या संवेदनशीलता भी रिश्ते-नातों के लिए एक अव्यक्त से डर की उत्पति का कारण बनती है. किसी अपने के लिए आधारहीन  काल्पनिक भय अति रागात्मकता का परिणाम होती है. किसी अपने को खो देने का डर इस हद तक बढ़ जाता है की इन्सान की भूख प्यास भी छीन लेता है, ऐसी सोच इन्सान की सोचने की ताकत पर बहुत ही नकारात्मक प्रभाव डालता है. ऐसा व्यक्ति तनावग्रस्त जीवन जीता है और भयग्रस्त जो जाता है और अपने आसपास के लोगों के लिए भी मानसिक त्रास का कारण बन जाता है. हमारे कृत्यों का परिणाम यदि किसी भय को पैदा करता है तो वह वास्तविक ही होता है. कुछ भी हो डर या भय को स्वयं पर हावी न होने दें बल्कि उसका सामना पुरे जोश व निडरता से करें फिर देखिये डर स्वयं ही भाग जायेगा.


मंगलवार, 18 दिसंबर 2012

.मेरी शब्द यात्रा-4 ललक...

ललक---सकारात्मक--नकारात्मक भी...




"ललक " ऐसा शब्द है जो बोलने के साथ ही अपने अर्थ का एहसास करा देता है.कोई वास्तु जो मन को भाती हो और जिसे  देखते ही या उसका नाम लेते ही मन में  उसे पाने की चाहत जाग  जाये  "ललक" है.बच्चा चाँद को देखकर उसे अपने हाथों  में लेने ले लिए मचल जाया करते हैं, उनकी ये चाहत उनकी ललक है.

'पाने की ये चाहत' का ये भाव केवल पाने की सोच से पर ही आकर ख़त्म हो जाता है. उसके लिए प्रयास करना या चेष्टा करना 'ललक' के लक्षणों  में शामिल नहीं होता.

ललक मन में उठने वाला आवेग है जो तभी  उठता  है  जब मनचाही वस्तु या बात आँखों के सामने आ जाये.पद पाने की ललक, जीवन में  ऐश्वर्य पाने की ललक का अच्छा या बुरा होना इस बात से तय होता है वह ललक सकारात्मकता से उपजी  है या फिर नकारात्मकता से.

सकारात्मकता  से  उपजी ललक अच्छे परिणाम देती  है किन्तु ललक यदि द्वेष, इर्ष्या या डाह के कारण उत्पन्न होती है तो नकारात्मकता की ओर ले जाती है और कुपरिणाम देती है.

"ललक" मात्र एक चाहत है,अतः यह उद्विग्नता उत्पन्न नहीं करती. यदि ललक के वशीभूत मनुष्य उद्विग्न भी हो जाये तब भी वह सतही होती है.और पानी में उठने वाले बुलबुलों  की तरह शांत भी हो जाती है.'ललक' तभी जन्म लेती है जब उक्त ललक के लिए पार्यप्त कारक और परिस्थितियां एक साथ मौजूद हों.

ललक सकारात्मक- ललक सकारात्मक भावना लिए होती है, तो वातावरण में  खुशनुमा एहसास होता है और ये सफलता के लिए एक कदम साबित हो सकता है, क्योंकि सकारात्मक ललक उत्प्रेरक का काम करता है. जिस वास्तु या बात के लिए ललक पैदा होती है उसे पाने की और एक कदम बढ़ने के लिए प्रेरणा भी बन जाती है.

नकारात्मक ललक- ललक यदि ईर्ष्या या द्वेष के कारण उत्पन्न हो  तो वह हमारी सोच   को विकृत कर देती हैऔर मन में बेचैनी भी बढ़ा देती है. ये पाने की चाहत न होकर दूसरे  से छीनने की प्रवृति बन सकती है, अतः जहाँ तक संभव हो नकारात्मक ललक यदि मन में उत्पन्न हो भी जाये तो उसे सप्रयास अपने मन से हटा लेना चाहिए.

ललक मन में अवश्य  पैदा होने दें किन्तु वह जीवन का लक्ष्य को पाने की हो और उसे कभी भी अपने हृदय से दूर न करें बल्कि रोह उसे स्मरण करें ताकि आप के लक्ष्य के प्रति ये 'ललक' उसे पाने की तीव्र इच्छा में बदल जाये. जीवन के प्रति सकारात्मक रहने के लिए यह भी आवश्यक है.
........................................................................वीणा सेठी ...................................................................

  







Ads Inside Post