यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
यात्रा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 7 अप्रैल 2017

युवतियों के लिए नए करिअर आप्शन



नये क्षितिज की ओर: ( युवतियों के लिए नए करिअर आप्शन)

              आजकल जब देश का युवा 12वीं करके निकलता है तो आगे क्या कोर्स करूँ ? यही चिंता सताती है और वो जिससे एक शानदार करियर का आगाज कर सके, यही सोचता है. और ये देश की लड़कियों के सामने अधिक परेशान करने वाला होता है क्योंकि उनके लिए सही करिअर चुन पाना आज भी एक समस्या है. तो आइये जाने उनके लिए कुछ करिअर आप्शन:-

1. रेडियो ज़ोकी—आजकल एफ़ एम रेडियो की धूम मची है. इसके लिए आपका एक अच्छा वक्ता होना जरुरी है. आपमें प्रेजेंटेशन स्किल याने अपनी बात को बेहतर तरीके से कहना आना चाहिए. आवाज दमदार हो और उच्चारण साफ़ हो और विषय के हिसाब से आपकी आवाज पर आपका नियंत्रण होना आवश्यक है., अच्छा हो की आप अपना खुद का बोलने का style डेवेलोप करें. बातों को मजेदार व कोमेडी से भरपूर रखने के साथ ही स्थानीय बोली भी आना चाहिए और बॉलीवुड और संगीत की जानकारी के बिना तो रेडियो ज़ोकी तो अधुरा ही मना जायेगा. आर जे बनने के लिए अपनी voice pitch पर जरुर काम करें.


2.एयर होस्टेस- हवाई सपनों और दूसरे देशों कि यात्रा और एक अच्छी सेलेरी के लिए इससे बेहतर करियर आप्शन हो ही नहीं सकता. यात्रियों उनके द्वारा बार-बार बुलाने या  किसी भी तरह के सवाल पूछे जाने पर मुस्कराकर और धैर्य से पेश आना और अपने आप को presentable रखना इस जॉब की आवश्यक शर्त है. आपका प्रेसेंस ऑफ़ माइंड और यात्रियों की जरुरत का हँसते हुए ध्यान रखना और चुनौतीपूर्ण परिस्थिति को सूझबूझ से सम्हालने का टेक्ट आपमें होना जरुरी है. ये जॉब के लिए 12 वीं के बाद अप्लाई किया जा सकता है. इंग्लिश भाषा का ज्ञान खासकर fluently बोलना आना चाहिए और इसके साथ ही कोई दो विदेशी भाषा का पूर्ण जानकार होना जरुरी है.


3. हेयर स्टाइलिस्ट:- ग्लैमर और चकचौंध की दुनिया में करिएर बनने के लिए ये आप्शन चुना जा सकता है. ये एक आर्ट है. इस करिएर को चुनने के लिए आपको बालों के प्रकारों और उसके हिसाब ने उनकी जरूरतों और उनके ट्रीटमेंट की जानकारी होना बेहद जरुरी है. और इसके लिए केमिकल्स, कास्मेटिक्स, हेयर कलर, हेयर कंडीशनर इन सबकी जानकारी और ऐसे प्रोफेशनल काम करना भी आना चाहिए. आपमें creativity का होना बेहद जरुरी है तभी आप चेहरे के लुक के हिसाब से किसी का भी हेयर style और मेकअप कर पायेंगे. इस फील्ड में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को चलने और उनके देखभाल का प्रशिक्षण लेना जरुरी है. इस काम की शुरुआत आप किसी भी हेयर सैलून में बतौर ट्रेनी से कर सकते है. 

4.दुभाषिया-अनुवादक- विदेशी भाषा का जानकार होना करिएर आप्शन के हिसाब से एक शानदार फील्ड है. अनुवादक और इंटरप्रेटर के रूप में काम करने के लिए विभिन्न विदेशी भाषाएं- स्पैनिश, जर्मन, फ्रेंच और चाइनीज की मांग बढ़ती जा रही है. मल्टीनेशनलकंपनी, टूरिज्म, फाइव स्टार होटल्स, एम्बेसी ये कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जहाँ अनुवादक या इन्टरप्रेटर की आज बेहद डिमांड है.

5.मोडलिंग- ग्लैमर से जुड़ी दुनिया में इंटर करने के लिए ये एक अच्छा आप्शन है. इसके लिए पहले किसी स्टाइलिस्ट और fashion फोटोग्राफर से अपना पोर्फोलियो बनवा लें और उसे किसी एड एजेंसी को दें जो आपके प्रोफाइल के हिसाब से आपको मोडलिंग का काम दिलवा सके. मोडलिंग में आपके लिए कई दरवाजे खुले हैं. आप टेलीविज़न मोडलिंग या फिर रैंप मोडलिंग या फिर स्टील मोडलिंग या फिर शोरूम मोडलिंग कर सकती हैं पर इस बात का ध्यान रखें की कहीं ग्लैमर की चमक मेमन आप अपना शोषण न करवा बैठें.

6.इंटीरियर डिजाइनिंग - इसके लिए आपका creative होना पहली शर्त है. घर को नया लुक देने, उसे व्यवस्थित ढंग से रखने और एक तयशुदा बजट में घर को सुंदर और सुरुचिपूर्ण लुक देने का स्किल हो उनके लिए ये एक शानदार करीअर है. इसके लिये अपने आसपास के पर्यावरण, फंगशुई व वास्तु का अच्छा ज्ञान, मनोविज्ञान की अच्छी समझ, ड्राइंग और वास्तुकला का ज्ञान होना जरुरी है क्योंकि इंटीरियर डिजाइनिंग इन सब बातों पर आधारित होती है. इसके लिए देश के संस्थाओं में इंटीरियर डिजाइनिंग का डिप्लोमा और डिग्री कोर्स उपलब्ध है.

7.स्क्रिप्ट्स राइटर- अगर आपमें लेखन की कला है तो इस फील्ड में अपना हाथ आजमा सकते हैं. बेशक ये काम कविता या कहानी लिखने से अलग है और ये एक तरह का कहानी लेखन ही है पर ये फिल्म या टी वी सिरिअल के लिए लिखी जाने वाली कहानी की तकनीकि कला है और इसका प्रबाव इसके फिल्मांकन के बाद ही सामने आता है. स्क्रिप्ट लेखन याने पटकथा लेखन का कोई अलग से कोर्स नहीं होता ये जर्नलिज्म के कोर्स के अंतर्गत आता है. इसमें कम से कम शब्दों में अपनी बात सामने तक पहुंचाने की कला होनी चाहिए ताकि किसी प्रोडक्ट की खूबियाँ सामने वाले या देखने वाले तक आपकी बात पहुंच सके.


8.आर्ट डिज़ाइनर- ये करिअर TV से लेकर फिल्म बनने तक काम आता है, इसे लिए आपका creative होना बेहद जरुरी है. अगर बड़ी मूवीज जैसे रामलीला, देवदास या फिर रामायण या अशोका जैसे TV सीरियल रहे हों सबमें एक बात कॉमन थी और वे थे उनके भव्य सेट. आर्ट या सेट designer का काम यहीं से शुरू होता है. इसके लिए एस्थेटिक सेन्स, रिसर्च स्किल, creative स्किल और फिल्म से सम्बंधित तकनिकी ज्ञान होना आवश्यक है. स्पेस का इस्तेमाल, सेट डिजाईन करना और उसका लेआउट समझना और स्टोरी को विज़ुलाइस करने की क्षमता हो तो सेट या आर्ट डिज़ाइनर सही करिएर आप्शन है.

वीणा सेठी

शुक्रवार, 31 मई 2013

शब्द-यात्रा--------नदी

---नदी...

सरि
  
नदी के कई नाम हैं...'सरिता, सरी, दरिया..........' अनवरत बहता हुआ स्वच्छ पानी -नदी कहलाता है. पर आजकल के सन्दर्भ में दरिया वो भी साफ़ पानी का थोड़ा मुश्किल है. नदी बहते हुए कभी शांत तो कभी चंचल हो जाती है. अमूमन दरिया शांत बहने वाली धारा लगती है.ये अपने मूल स्थान से जब निकलती है तो प्रायः पतली धारा ही होती है ठीक किसी नवजात शिशु की तरह. जैसे-जैसे नदी आगे बढ़ती है उसके वेग में परिवर्तन होता जाता है जब पर्वत और पहाड़ों से अपनी यात्रा आरंभ करती है तो उसकी रवानी में युवाओं सी  चपलता आ जाती है. दरिया का जोश देखते ही बनता है. अचानक लगने लगता है मानों दरिया में तूफान आ गया हो. उछल-उछल कर मानों पहाड़ों की उतुंग चोटी को छूना चाहती हो, उसके साहस से ऐसा लगता है मानों वह पत्थरों को चीर के रख देगी. पहाड़ का दमन छोड़कर जब वह पहाड़ी की तलहटी में आसरा पाती है तो उसकी धारा की प्रबलता अपने चरम पर होती है. उसका वेग इतना प्रचंड होता है कि लगता है मानो वह पृथ्वी का सीना चीर कर उसके अन्तः स्थल में ही प्रवेश कर जाएगी.
 पहाड़ी कि तलहटी से आगे की यात्रा में नदी की गति में धीरे-धीरे स्थिरता आने लगती है.यहाँ उसमें चपलता के स्थान पर गंभीरता नजर आने लगती है.नदी मानों व्यस्क हो चली हो और उसे अपने कर्तव्य का भान होने लगा हो.नदी की यात्रा अब मैदानों से होकर गुजरती है, नदी बेहद शांत और कही तो उसकी गति देखकर लगता है मानों वो अपने आसपास की प्रकृति को देखकर ठिठक गई हो और अपनी गति को भूल गई हो. कभी- कभी उसकी गति की आवाज तक नही सुने देती बिलकुल किसी योगी की तरह मौन धारण किये लगती है.
दरिया के दोनों किनारे प्रायः उसके कद से ऊँचे होकर उसको सीमाओं में बांध देते है किसी लक्षम्ण रेखा की तरह, ऐसा लगता है की उसके किनारे उसे अपनी मर्यादा में रहकर बहने  को कह रहे हो, आत्मनुशासन का पाठ नदी को इन्ही किनारों से मिलता है जो की हम इन्सान जानते हुए भी नहीं सीखना चाहते.और.............और नदी आत्मानुशासित होकर समरस भाव से एक सन्यासी की भांति होने लगती है............... और धीरे-धीरे मंथर गति से प्रवाहित होते हुए सागर से मिलने के लिए स्वयं-मुग्धा की तरह चल देती है.

veena sethi.---------------------------------------------------------------------------

सोमवार, 27 मई 2013

कहानी ...जीवन का भोगा यथार्थ

      

पेलियेटीव वार्ड:एक खामोश अन्तिम सफ़र 


 जीवन को एक यात्रा कहा गया है और जो समय के साथ साथ आगे बढ़ती जाती है। ये यात्रा हर व्यक्ति को करनी ही है वो चाहे या न चाहे। यह यात्रा कभी कठिनाइयों से भरी होती है तो कभी सुविधाओं की कश्ती पर तैरती है। जीवन की ये यात्रा वास्तव में सुख और दुःख का एक समीकरण है पर ये समीकरण कभी  सन्तुलित नहीं रहता क्योंकि सुख और दुख के लिए कोई निश्चित प्रतिमान नहीं तय किये जा सकते।
 
 
जब भी कभी जीवन में लगता है सब कुछ ठीक चल रहा है अचानक से ही राह चलते बेखबर राही को जिस तरह से ठोकर लगती है और वो कभी-कभी बुरी तरह से लड़खड़ा जाता है, इसी  तरह जिंदगी भी एक ठोकर मार  देती  है और ये ठोकर तो कभी-कभी इतनी मारक होती है कि इंसान हक्का-बक्का रह जाता है और सोचने पर विवश हो जाता है कि जिंदगी इतनी कठोर भी हो सकती है  ....?? ये तब समझ आया जब एक दिन अचानक से दादी के गाल में एक बड़ा सा स्पॉट हो गया और थोड़े दिन बाद वो एक छोटी सी गाँठ  में बदल गया, पहले तो दादी ने कुछ ध्यान नहीं दिया पर एक दिन जब गाल में दर्द हुआ और खून निकला तो वे थोड़ा घबरा गई और पापा को बताया, पापा के फ्रेंड डॉ शर्मा ने दादी का चेक अप किया और पापा को उन्हें भोपाल में दिखाने की सलाह दी। पापा को लगा  की जरुर कुछ बात है, पर शर्मा अंकल ने यही कहा कि एक बार रूटीन चेक अप करवा लेना ही बेहतर है।
 
शर्मा अंकल ने जवाहर लाल नेहरु कैंसर अस्पताल में चेक अप करवाने को कहा और पापा दादी को वहीं लेकर आए। और मुझे तो साथ आना ही था क्योंकि मै दादी की लाड़ली जो हूँ। भोपाल के जवाहर लाल कैंसर अस्पताल में जब हम दादी को लेकर आये तब ये नही पता था कि  एक ऐसी दुनिया से सामना होगा जहाँ कैंसर जैसे शब्द की दहशत ही इन्सान को जिंदगी के एक ऐसे पहलू से सामना करवाता है जिससे आज दुनिया का हर आदमी बचना चाहता है।
 
दादी पापा से बार बार पूछती रहीं ," क्यों रे गब्दू ..! (पापा को दादी प्यार से इसी नाम से बुलाती हैं तब पापा के चहरे पर खिंची लकीरें देखने लायक होती हैं ...) मुझे यहाँ क्यों लेकर आया है ...? "

पापा ने अधिक तो कुछ नहीं कहा, माँ ...! तेरे गाल में चोट लगी है उसे दिखने लायें हैं।
तब दादी से रहा नहीं गया, "पर ...तू मुझे यहाँ क्यों लेकर आया है ...??" पूछकर अपनी शंका जाहिर की।
 
पापा ने दादी को टालते हुए कहा, " यहाँ पर एक दोस्त को देखने आया था, सोचा आपको भी यहीं चेक करवा लेते हैं।"
 
दादी कुछ नहीं बोली।उनका चेक अप हुआ और बिओप्सी करने के बाद रिपोर्ट दो हफ्ते के बाद देने के लिए कहा। हम दादी को लेकर घर आ गए। जैसा की डॉ . शर्मा का अनुमान था दादी के गाल में कैंसर की गाँठ थी और वो दादी को नकली दाँत लगाने के कारण हुआ था। नेहरु अस्पताल के डॉ ने ऑपरेशन की सलाह दी और दादी को अस्पताल में एडमिट कर लिया गया। उसके पहले भी दादी के कई टेस्ट हुए और वे बार बार पूछती रहीं कि  उन्हें  क्या हुआ है, चूँकि उन्हें कुछ भी नहीं बताया  था इसलिए  पापा ने यही कहा कि आपके गाल में  गाँठ है बस एक मामूली से ऑपरेशन से निकाल देंगे। एक दो घंटे की बात है और उसके बाद अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
 
डॉ ने दादी को लगभग 10 दिनों तक अस्पताल में भरती रखने के लिए कहा था और इसके लिए प्राइवेट रूम ले लिया गया था। दादी के गाल में जो गाँठ थी उसके लिए डॉ ने सोचा था कि वह पहली स्टेज का कैंसर होगा पर जब ऑपरेट किया तो वह थर्ड स्टेज का था और जो ऑपरेशन 2-3 घंटे चलना था वह लगभग 7 घंटे चला। पापा को जब पता चला तो वे बेहद परेशान थे और उन्हें पहली बार जिंदगी में मैंने फूट -फूट कर रोते देखा। दादी को 80 साल की उम्र में इस हाल में देखकर पूरा घर स्तब्ध रह गया था, दादी जैसी जिंदादिल इन्सान के साथ ऐसा हो जाने की कल्पना भी कोई नहीं कर सकता था।
 
दादी के साथ प्राइवेट रूम में माँ और मै रहे। नेहरु अस्पताल के प्राइवेट वार्ड की कतार के सामने के दरवाजे सामने एक दरवाजा और भी था और उस दरवाजे के उपर एक बोर्ड पर लिखा था "पेलियेटिव वार्ड ".  उसका मतलब न समझ आने पर मैंने एक नर्स से पूछा, तब नर्स ने बताया कि इस वार्ड में ऐसे मरीजों को रखा जाता है जिनका कैंसर आखरी स्टेज पर होता है। उस दरवाजे जब मैंने रूम के अन्दर देखा तो पाया कि वो एक बड़ा सा हॉल था  जिसमें 15-20 बेड थे और ऐसा लग रहा था कि एक भी बेड ख़ाली नहीं था। दरवाजे के बिल्कुल सामने के बेड पर एक 90 साल के बुजुर्ग लगभग नीम बेहोशी की हालत में लेते थे। उनके आसपास बहुत सारे लोग खड़े और बैठे थे।नर्स से जब पूछा नो उसने बताया कि इन बुजुर्ग का नाम सईद मिर्ज़ा था।और वे फेफड़ों के कैंसर की आखरी स्टेज पर थे, कैंसर उनके पूरे शरीर  में फ़ैल चुका था और वे बेहद दर्द के कारण बेहोशी की हालत में भी दर्द से करहा रहे थे। लगभग एक महीने  से वे इस वार्ड में भर्ती  थे, अब तो मार्फीन के इंजेक्शन भी उन्हें दर्द में राहत देने में नाकाम साबित हो रहे थे।मिर्ज़ा साहिब का परिवार काफी बड़ा लगता था, उन्हें हर समय 5-7 लोग घेरे रहते थे और उतने ही बाहर  विजिटर हॉल  में बैठे रहते थे। कुछ के हाथ में कुरान रहती थी और उनके लिए उपर वाले से दुआ मांगते रहते थे और हर एक की आँखों में आँसू साफ़ दिखाई देते थे
उन बुजुर्गवार के दर्द की तड़फ कोई भी महसूस कर सकता था। कोई बीमारी इस कदर खौफ़नाक और जानलेवा हो सकती है,ऐसा तो मैंने सपने में भी अनुमान नहीं लगाया था। वे रह रह कर दर्द से करहा  रहे थे और जब दर्द उनकी बरदाश्त करने की हद से पार हो जाता तो उनके मुँह से यकसा "अब्बा" निकल जाया करता। जिंदगी का सच तो यही है कि  इन्सान किसी भी उम्र में पहुँच जाए, दुख-दर्द में उसे अपने माता-पिता ही याद आते हैं। और वे दर्द में रह-रह कर पुकार उठते थे "अब्बा हजूर". उस आवाज का दर्द आज भी मेरे कानों में गूँज उठता है।
 
आज गुरूवार को दोपहर में उनके इर्द-गिर्द गहमागहमी बढ़ गई थी, मै दादी के  रूम में ही थी, दोपहर का समय था और  सब बैठ के खाना  खा रहे थे, दादी खाना तो नहीं खा सकती थी और उनके लिए लिक्विड डाइट अस्पताल से ही मिलती थी और वो नर्स ही उन्हें देती  थी। मै  खाना तो खा रही थी पर मेरा पूरा ध्यान  बाहर की ओर ही था। अभी मै खाना खा ही रही थी कि  अचानक बाहर की गहमागहमी अचानक ही सन्नाटे में तब्दील हो गया। मैंने सोचा कि क्यों दरवाजा  खोलकर बाहर झांक लूँ.

 दादी ने पूछा," क्या बात ...? बाहर क्यों झांक रही हो ...?"

"
कुछ नहीं दादी ...! मै  जरा पानी लेकर आती हूँ", पानी की बोटल हाथ में लेते हुए मैंने जवाब दिया, और धीरे से दरवाजा बंद करके मै बाहर निकल आई। बाहर एक नर्स से पूछा," क्या हो  गया ...?". नर्स ने बताया कि मिर्जा साहिब चल बसे। मै केवल 'ओह' करके रह गई।
 
मुझे बेहद ख़राब लग रहा था। मिर्जा साहब का परिवार उनके इर्द-गिर्द एकत्रित था, सब बेहद खामोश  थे , माहौल  में सिसकियों की आवाज़ें थी। थोड़ी देर में ही उनका पार्थिव शरीर स्ट्रेचर पर रखा था, धीरे से वो स्ट्रेचर पेलियेटीव वार्ड के बाहर आता दिखाई दिया और उस स्ट्रेचर को घेरे उनका पूरा कुनबा उनके साथ था। शायद उनके उन आखरी लम्हों में जितना साथ चल सकें चलना चाहते थे। कुछ देर तक माहौल बेहद ही खामोश रहा, इस ग़मगीन सन्नाटे को धीरे-धीरे जिंदगी अपनी ओर मोड़ने लगी थी। मै ये सब अपने सामने होते हुए देख रही थी, थोड़ी देर में ही सब पहले जैसी चहल-पहल दिखाई देने लगी थी। उस बेड पर जहाँ कुछ लम्हों पहले मिर्जा साहब जिंदगी से मौत की ख़ामोशी में चले गए थे, पर पड़ी सफ़ेद चादर को उठा दिया गया था और एक बाई उस पर दूसरी धुली सफ़ेद चादर बिछा रही थी , अब लग ही नहीं रहा था कि  अभी थोड़ी देर पहले उस बेड पर किसी ने अपनी अंतिम यात्रा पूरी की है।
 
कुछ पल गुजरे ही होंगे कि  मेरे पीछे के दरवाजे से एक नर्स तेजी से चलती हुई आई और दूसरी नर्स से बोली, " अरे ...! वह मिर्जा साहब वाले बेड की चादर बदल दी है ना, ये बेड अभी एक पेशेंट को एलोट हुआ है।" मेरी निगाहें मिर्जा साहब वाले बेड  से होती हुई दरवाजे के उपर लिखे बोर्ड पर जाकर रुकी, जहाँ पर लिखा था "पेलियेटीव वार्ड".
                                वीणा सेठी,

शनिवार, 2 जुलाई 2011

यादें---3....................( जलती चिता -जीवन के पहलू...)..1..

जलती चिता का अलाव .......................???


जनवरी की सर्द दोपहरी में बस का सफ़र करते समय बाहर की द्र्श्यावली का आनंद ले रही थी। भोपाल के रास्ते में एक छोटा क़स्बा अब्दुल्ला गंज से जब बस होकर गुजर रही थी तो एक स्थान पर जो द्रश्य देखा वहां से मेरी निगाह हट नहीं पाई। बस धीरे से उस जगह के सामने से निकल जाने के बाद भी मैंने अपनी निगाहें खिड़की से सटा कर पीछे मुड़ कर देखती रही, वो जगह उस कसबे का शमशान घाट था, जहाँ पर चिता जलने के ५-७ स्थान बने थे .

और एक चिता से अभी भी ऊँची लपते उठ रही थी पर आसपास कोई भी इन्सान नहीं था, थे तो कुछ मौन पशु जो उस चिता को घेरे खड़े थे और उसकी अंतिम यात्रा के मूक गवाह थे। चिता के आसपास ३-४ गायें अविचल खड़ी थी। जनवरी की ठण्ड में उन्हें भी जलती चिता से अलाव का काम लेने को विवश कर दिया था। मरने वाले की काया अपने अस्तित्व के ख़त्म हो जाने के बाद भी किसी के काम आ रही थी। लगता है देह की नश्वरता की आभास करने वालो को शायद मालूम नहीं की जीवन के नष्ट हो जाने के बाद भी देह की उपयोगिता कायम रहती है और यही सत्य है.




Ads Inside Post